सतलज’ विवाद: IMDb से हटी 9.5 रेटिंग, फिल्म की टीम ने उठाए सवाल

दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘सतलज’ एक बार फिर विवादों में घिर गई है। ZEE5 से हटाए जाने के बाद अब IMDb ने भी फिल्म की यूजर रेटिंग अपने प्लेटफॉर्म से हटा दी है। मंगलवार तक फिल्म को IMDb पर 9.5 की रेटिंग के साथ सबसे ज्यादा रेटिंग पाने वाली भारतीय फिल्मों में शामिल बताया जा रहा था

सतलज’ विवाद: IMDb से हटी 9.5 रेटिंग, फिल्म की टीम ने उठाए सवाल
Image Slider
Image Slider
Image Slider

मुंबई: दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘सतलज’ एक बार फिर विवादों में घिर गई है। ZEE5 से हटाए जाने के बाद अब IMDb ने भी फिल्म की यूजर रेटिंग अपने प्लेटफॉर्म से हटा दी है। मंगलवार तक फिल्म को IMDb पर 9.5 की रेटिंग के साथ सबसे ज्यादा रेटिंग पाने वाली भारतीय फिल्मों में शामिल बताया जा रहा था, लेकिन बुधवार को यह रेटिंग अचानक गायब हो गई। इसके बाद सोशल मीडिया पर IMDb की विश्वसनीयता को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

फिल्म निर्देशक संजय गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर नाराजगी जताते हुए लिखा कि एक दिन पहले तक फिल्म की रेटिंग 9.5 थी और अगले ही दिन उसे हटा दिया गया। उन्होंने कहा कि वह पहले भी IMDb की रेटिंग पर भरोसा नहीं करते थे, लेकिन इस घटना ने प्लेटफॉर्म की विश्वसनीयता पर और सवाल खड़े कर दिए हैं।

फिल्म के को-राइटर नीरेन भट्ट ने भी रेटिंग हटाए जाने पर हैरानी जताई। उन्होंने कहा कि फिल्म को लेकर पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी रही है। उनके अनुसार, न तो फिल्म को हटाने की स्पष्ट वजह बताई गई और न ही IMDb की रेटिंग हटाने का कोई कारण सामने आया।

सोशल मीडिया पर भी कई यूजर्स ने फिल्म के समर्थन में पोस्ट किए। कुछ लोगों ने दावा किया कि उन्होंने IMDb पर 9.5 और 9.6 की रेटिंग देखी थी और सवाल उठाया कि बिना किसी आधिकारिक स्पष्टीकरण के रेटिंग क्यों हटा दी गई।

नीरेन भट्ट ने कहा कि यदि फिल्म को लेकर किसी को आपत्ति है तो उस पर खुलकर चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि फिल्म की टीम अब इस मामले में अदालत का रुख करेगी और कानूनी प्रक्रिया के जरिए अपना पक्ष रखेगी। टीम को उम्मीद है कि कानूनी लड़ाई के बाद ‘सतलज’ दोबारा स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगी।